पूर्णिया एयरपोर्ट तक फोरलेन सड़क की मांग, पप्पू यादव ने गडकरी को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
पूर्णिया एयरपोर्ट तक फोरलेन सड़क की मांग, पप्पू यादव ने गडकरी को सौंपा ज्ञापन


पूर्णिया, 02 जून (हि.स.)।

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर कोसी-सीमांचल क्षेत्र की लंबित सड़क एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

सांसद ने एनएच-31 के जीरो माइल (गुलाबबाग) से पूर्णिया एयरपोर्ट तक सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग अथवा फोरलेन संपर्क मार्ग के निर्माण की मांग करते हुए कहा कि यह परियोजना पूरे सीमांचल क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में एयरपोर्ट तक बेहतर सड़क संपर्क नहीं होने के कारण यात्रियों, व्यापारियों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव से जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है।

सांसद ने कहा कि प्रस्तावित फोरलेन सड़क बनने से पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा और सुपौल सहित पूरे कोसी-सीमांचल क्षेत्र के लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने बेलौरी-मंशैली-कदवा-बारसोई-हरिश्चंद्रपुर मार्ग तथा बनमनखी-चंपानगर-श्रीनगर-जलालगढ़-अमौर सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग में परिवर्तित करने की मांग दोहराई।

सांसद ने गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे और पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे के बीच नए राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण का प्रस्ताव भी रखा, जो प्रतापगंज, भीमपुर, छातापुर, जदिया, कुमारखंड, केवटगामा, चकमका होते हुए कसबा तक जाएगा।

उन्होंने कहा कि इससे कृषि, व्यापार, पर्यटन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को नई गति मिलेगी।

पप्पू यादव ने पूर्णिया के गुलाबबाग स्थित थोक अनाज मंडी क्षेत्र में एनएच-31 और एनएच-107 के जंक्शन पर बहुस्तरीय फ्लाईओवर निर्माण की मांग को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र सीमांचल का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन भारी संख्या में मालवाहक और यात्री वाहन गुजरते हैं, जिससे जाम और दुर्घटनाओं की समस्या बनी रहती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Share this story