निर्मली में बहुप्रतीक्षित व्यवहार न्यायालय भवन बनकर तैयार, जल्द होगा लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
निर्मली में बहुप्रतीक्षित व्यवहार न्यायालय भवन बनकर तैयार, जल्द होगा लोकार्पण


सुपौल, 25 अप्रैल (हि.स.)। जिले के निर्मली में लंबे समय से प्रतीक्षित व्यवहार न्यायालय भवन का निर्माण कार्य अब पूरी तरह पूरा हो चुका है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह नया न्यायालय भवन अब लोकार्पण के लिए तैयार है और प्रशासनिक स्तर पर उद्घाटन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं।

इस नए न्यायालय भवन के शुरू होने से निर्मली एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए अब दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अब स्थानीय स्तर पर ही मामलों की सुनवाई संभव हो सकेगी, जिससे आम लोगों का समय और आर्थिक खर्च दोनों बचेगा।

बताया जा रहा है कि इस भवन में न्यायिक कार्यों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बेहतर ढांचा, सुव्यवस्थित कक्ष और आम लोगों के लिए सुविधाजनक व्यवस्था इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण विकास परियोजना बनाते हैं। स्थानीय लोगों में इसको लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि इस न्यायालय के शुरू होने से न्याय प्रक्रिया और अधिक सुलभ और तेज होगी। अब सभी को इसके आधिकारिक लोकार्पण का बेसब्री से इंतजार है, जो जल्द ही होने की संभावना जताई जा रही है।

यह परियोजना क्षेत्र के न्यायिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में लोगों को न्याय प्राप्त करने में काफी सहूलियत होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story