बक्सर में नीलगाय के बढ़ते आतंक से ग्रामीण परेशान, हजारों हेक्टयर फसल हो रही है बर्बाद

WhatsApp Channel Join Now
बक्सर में नीलगाय के बढ़ते आतंक से ग्रामीण परेशान, हजारों हेक्टयर फसल हो रही है बर्बाद


बक्सर, 23 जुलाई (हि.स.)।

जिले में इटाढ़ी प्रखंड सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नीलगायों के बढ़ते आतंक से किसान और आमजन परेशान हैं। इटाढ़ी प्रखंड की चिलहर पंचायत के मुरारपुर, रकसिया, चिलिबिली समेत कई गांवों में नीलगाय फसलों को लगातार नुकसान पहुंचा रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में तैयार हजारों हेक्टयर फसलें बर्बाद हो रही हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि नीलगायों का झुंड अक्सर सड़कों पर आ जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ऐसा ही मामला बुधवार को चौसा कोचस पथ पर देखने को मिला जहां नीलगाय की अचानक झुंड आने से एक बाइक सवार की मौत हो गई। घटना स्थल पर पहुंचकर प्रशासन के द्वारा शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण हेतु भेज दिया गया। वही इस घटना के कारण लोगों में भय और चिंता का माहौल कायम है।

सेवानिवृत्त शिक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल जी पांडेय ने कहा कि नीलगाय की समस्या केवल इटाढ़ी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरा डुमरांव अनुमंडल, बक्सर अनुमंडल के राजपुर तथा इटाढ़ी प्रखंड सहित कई क्षेत्रों के किसान इससे प्रभावित हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से शीघ्र प्रभावी कदम उठाने और किसानों को राहत दिलाने की मांग की है।

कृषि पदाधिकारी की माने तो यह जरूर है कि नीलगायों के चलते कई हेक्टयर फसल को नुकसान होता है। किसानों को कहा गया है कि वह पंचायत के मुखिया से लिखवा कर देंगे तो शूटर को बुलाया जाएगा और शूटर अपने तरीके से नीलगायों को बाहर खदेलने का कार्य करते हैं। वहीं कई किसानों को कुछ केमिकल देकर भी बताया जाता है कि यह केमिकल का प्रयोग करेंगे तो नीलगाय भाग जाएगी। जबकि कई किसानों को यह भी कहा जाता है कि आप अपने जमीन की घेराबंदी भी कर ले जो कि सभी के लिए संभव नहीं हो पाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story