बिना मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों पर होगी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now

बक्सर, 09 जुलाई (हि.स.)।

जिले में बिना सरकारी मान्यता के संचालित निजी विद्यालयों पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभागीय जानकारी के अनुसार जिले में कुल 258 निजी विद्यालयों को सरकारी मान्यता मिल चुकी है, जबकि बड़ी संख्या में ऐसे विद्यालय अब भी बिना प्रस्वीकृति के संचालित हो रहे हैं। इसे देखते हुए जिला शिक्षा प्रशासन ने संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को ऐसे स्कूलों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

आंकड़ों के अनुसार सदर प्रखंड में सर्वाधिक 93 निजी विद्यालयों को मान्यता मिली है, जबकि डुमरांव में 42 विद्यालयों को ही स्वीकृति प्राप्त है। इसके अलावा राजपुर में 29, इटाढ़ी में 23, ब्रह्मपुर और चौसा में 17-17, सिमरी में 16, नावानगर में 13, चक्की में 4, केसठ में 3 तथा चौगाईं में केवल एक विद्यालय को सरकारी मान्यता मिली है।

शिक्षा विभाग का कहना है कि जिन निजी विद्यालयों ने निर्धारित समय सीमा तक ऑनलाइन आवेदन नहीं किया है या आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए हैं, उनके विरुद्ध बिहार राज्य विद्यालय मान्यता नियमावली के तहत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि सभी निजी विद्यालयों को गुणवत्ता, सुरक्षा और शिक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करना अनिवार्य है। विभाग की इस कार्रवाई से बिना मान्यता संचालित विद्यालयों में हड़कंप मच गया है, वहीं अभिभावकों से भी अपने बच्चों का नामांकन केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कराने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story