एनएच-327ई पर अज्ञात वाहन की टक्कर से नाइट गार्ड की मौत, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
एनएच-327ई पर अज्ञात वाहन की टक्कर से नाइट गार्ड की मौत, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस


किशनगंज, 10 जुलाई (हि.स.)। बहादुरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एनएच-327ई पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा आर हुसैन चौक स्थित राजस्थान ढाबा के समीप हुआ, जहां सड़क पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान बहादुरगंज के बलुआबाड़ी निवासी मोहसिन आलम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मोहसिन आलम राजस्थान ढाबा में नाइट गार्ड के रूप में कार्यरत था।

शुक्रवार सुबह ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-1) खुशरू सिराज ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस ने दोपहर करीब 12 बजे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज भेज दिया।बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

इधर, मोहसिन आलम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एनएच-327ई पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण, नियमित पुलिस गश्त तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग प्रशासन से की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story