एनएच-327ई पर घने कोहरे में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, दोनों चालक गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
एनएच-327ई पर घने कोहरे में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, दोनों चालक गंभीर


सुपौल, 17 नवंबर (हि.स.)। मंगलवार सुबह घने कोहरे के कारण एनएच-327ई पर जदिया थाना क्षेत्र के अंततपुर चौक के समीप दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों ट्रकों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और चालक क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गए।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे ट्रक संख्या BR 33 GB 4736 पर एचपी गैस के 504 सिलेंडर लदे थे। यह ट्रक त्रिवेणीगंज की ओर से रानीगंज जा रहा था। इसी दौरान WB 57 E 8499 नंबर का दूसरा ट्रक गिट्टी लादकर रानीगंज की ओर से जदिया आ रहा था। अंततपुर चौक से कुछ दूरी पहले घने कोहरे के बीच दोनों ट्रकों की सीधी भिड़ंत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत कर दोनों चालकों को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। गैस सिलेंडर लदे ट्रक के चालक नवादा निवासी 45 वर्षीय प्रवेश यादव के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। उसके सिर में भी चोट लगी है। त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।

वहीं, दूसरे ट्रक के चालक झारखंड के पाकुड़ निवासी फेक मोहम्मद शेख के 35 वर्षीय बेटे उस्मान शेख को भी गंभीर चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही जदिया थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778405 Articles

Share this story