एनएच-327ई पर सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Channel Join Now
एनएच-327ई पर सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल


सुपौल, 23 जून (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज में एनएच-327ई पर सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बघला नदी पुल के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा।

स्थानीय लोगों की मदद से उसे अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।जानकारी के अनुसार त्रिवेणीगंज-पिपरा मुख्य मार्ग एनएच-327ई पर नगर परिषद क्षेत्र स्थित बघला नदी पुल के समीप यह दुर्घटना हुई।

पतरघटी वार्ड संख्या-6 निवासी उपेंद्र यादव का 25 वर्षीय पुत्र बड्डो उर्फ नवनीत कुमार बाइक से बघला स्थित एक पानी प्लांट गया था। देर रात घर लौटने के दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि नवनीत बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने घायल युवक को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया।

ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सिद्धांत कुमार ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उसका बेहतर इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच में जुट गई है।

हादसा स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एनएच-327ई पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए सख्त निगरानी, नियमित जांच अभियान और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story