एनएच-27 पर तेज रफ्तार चारपहिया ने बाइक में मारी टक्कर, महिला की मौके पर मौत; तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
एनएच-27 पर तेज रफ्तार चारपहिया ने बाइक में मारी टक्कर, महिला की मौके पर मौत; तीन घायल


एनएच-27 पर तेज रफ्तार चारपहिया ने बाइक में मारी टक्कर, महिला की मौके पर मौत; तीन घायल


सुपौल, 28 अगस्त (हि.स.)। राघोपुर थाना क्षेत्र के राम विष्णुपुर के समीप शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे एनएच-27 पर हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में एक बच्चे, एक महिला और एक पुरुष समेत तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर जमा हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार लोग एनएच-27 से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में एक महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद चारपहिया वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना राघोपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजने की कार्रवाई शुरू की।

वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि टक्कर मारकर भागे वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस के अनुसार मृतका और घायलों की पहचान तथा उनकी स्थिति से संबंधित विस्तृत जानकारी अस्पताल पहुंचने के बाद स्पष्ट होगी। हादसे के बाद कुछ समय तक एनएच-27 पर लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस ने लोगों को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story