सड़क हादसे में आंगनबाड़ी सेविका की मौत, परिवार में मचा कोहराम

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में आंगनबाड़ी सेविका की मौत, परिवार में मचा कोहराम


सुपौल, 23 जून (हि.स.)। जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत झाझा स्थित एनएच 27 पर सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक आंगनबाड़ी सेविका की मौत हो गई। मृतका की पहचान किशनपुर प्रखंड के परसामाधो पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-09 की सेविका सुनीता कुमारी (50 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार सुनीता कुमारी किशनपुर प्रखंड में आयोजित विभागीय बैठक में शामिल होने गई थीं। बैठक समाप्त होने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान झाझा पेट्रोल पंप के समीप पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनीता कुमारी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरायगढ़-भपटियाही पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतका किशनपुर प्रखंड के कुपहा वार्ड संख्या-06 की निवासी थीं। उनके पति का नाम भरत कुमार भारती है। परिवार में तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

घटना की जानकारी मिलने पर भपटियाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

थानाध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी ने बताया कि शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने एनएच-27 पर सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने तथा जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story