एनएच-27 बना हादसों का हाईवे,गड्ढों और जलजमाव से रोजाना फंस रहे वाहन

WhatsApp Channel Join Now
एनएच-27 बना हादसों का हाईवे,गड्ढों और जलजमाव से रोजाना फंस रहे वाहन


एनएच-27 बना हादसों का हाईवे,गड्ढों और जलजमाव से रोजाना फंस रहे वाहन


सुपौल, 29 जून (हि.स.)। जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत सिमराही क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (एनएच-27) की बदहाल स्थिति लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और जलजमाव के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

सोमवार को एक यात्री बस घंटों तक सड़क पर फंसी रही, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं एक कंटेनर भी पानी से भरे गड्ढे में धंस गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि टेम्पो, बाइक और अन्य छोटे-बड़े वाहन अक्सर अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं, जिससे चालक और यात्री घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश का पानी गहरे गड्ढों को ढंक देता है, जिससे वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता।

भारी वाहनों के गुजरने के दौरान यह खतरा और बढ़ जाता है। लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग को कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद सड़क की मरम्मत और जल निकासी के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ब्रिगेडियर प्रताप जायसवाल, दिलीप पूर्वे, विक्की भगत, राजीव गुप्ता, महेश दास, रोहित महारठे और डोमी साह समेत दर्जनों स्थानीय लोगों ने एनएच-27 के क्षतिग्रस्त हिस्से की शीघ्र मरम्मत और उचित जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। इस संबंध में जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि मामले को दिखवाया जाएगा और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थानीय लोग प्रशासनिक हस्तक्षेप का इंतजार कर रहे हैं ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षित आवागमन बहाल हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story