एनएच-27 पर दर्दनाक हादसा: बस और 10 चक्का ट्रेलर के बीच फंसे चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
एनएच-27 पर दर्दनाक हादसा: बस और 10 चक्का ट्रेलर के बीच फंसे चालक की मौत


सुपौल, 31 अगस्त (हि.स.)।

जिले में राघोपुर थाना क्षेत्र के रामविशनपुर स्थित एनएच-27 किनारे एसआरएससी प्लांट परिसर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां बस और 10 चक्का ट्रेलर के बीच दबने से बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान भागलपुर निवासी विनोद कुमार नौगछिया के रूप में हुई है। वह वीणा बस रोडवेज की बस चलाता था। प्लांट कर्मियों के अनुसार, रात करीब 9:20 बजे बस को प्लांट परिसर में खड़ा किया गया था। चालक खाना खाने के लिए गया था। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर सुरक्षा गार्ड उसे देखने के लिए पहुंचा। वहां का दृश्य देखकर गार्ड ने शोर मचाया और अन्य कर्मियों को बुलाया।

इसके बाद कर्मियों ने देखा कि विनोद कुमार बस और 10 चक्का ट्रेलर के बीच फंसा हुआ था। तत्काल घटना की सूचना प्लांट प्रबंधन और अधिकारियों को दी गई। प्लांट प्रबंधन की ओर से राघोपुर थाना पुलिस को भी जानकारी दी गई। गश्ती पुलिस पदाधिकारी दृष्टि पासवान के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बस चालक बस के आगे पेशाब कर रहा था। इसी दौरान 10 चक्का ट्रेलर को पीछे किया जा रहा था। ट्रेलर की चपेट में आने से चालक बस और ट्रेलर के बीच दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने वाहनों के बीच फंसे शव को बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसआरएससी के यांत्रिक प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि विनोद कुमार प्लांट में चलने वाली बस के चालक थे। रात में घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस के साथ मृतक के परिजनों को भी इसकी सूचना दी।

हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस परिस्थिति में हुआ और इसमें किसकी लापरवाही थी, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story