दो-तीन साल में ही उखड़ने लगी एनएच-327ई की सड़क, निर्माण गुणवत्ता पर सांसद ने उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
दो-तीन साल में ही उखड़ने लगी एनएच-327ई की सड़क, निर्माण गुणवत्ता पर सांसद ने उठाए सवाल


किशनगंज, 09 नवंबर (हि.स.)। अररिया से सिलीगुड़ी तक जाने वाले महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग NH-327E के निर्माण की गुणवत्ता पर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। निर्माण पूरा होने के महज दो से तीन वर्षों के भीतर ही सड़क के कई हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने को गंभीरता से लेते हुए किशनगंज के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के मुख्य सतर्कता अधिकारी को पत्र लिखा है।

उन्होंने पूरे निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। सांसद ने पत्र में कहा है कि NH-327E बिहार को पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है। इसके बावजूद निर्माण के कुछ ही वर्षों में सड़क के कई हिस्सों का क्षतिग्रस्त होना निर्माण कार्य की गुणवत्ता और इस्तेमाल की गई सामग्री पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इससे घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग और कार्य में बरती गई लापरवाही की आशंका गहराती है।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान भी स्थानीय स्तर पर घटिया सामग्री के इस्तेमाल और निर्माण कार्य में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं। लेकिन समय रहते कोई प्रभावी सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई। सड़क की बदहाल स्थिति से आवागमन प्रभावित हो रहा है। साथ ही दुर्घटनाओं में लोगों के घायल होने और जान गंवाने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

सांसद डॉ. जावेद ने बताया कि उन्होंने इस गंभीर मुद्दे को 27 जुलाई 2026 को संसद में नियम-377 के तहत भी उठाया था। इसके बावजूद अब तक आरोपों की समुचित जांच नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने NHAI के मुख्य सतर्कता अधिकारी से निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, सड़क की गुणवत्ता और संबंधित निर्माण एजेंसियों एवं अधिकारियों की भूमिका की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। सांसद ने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में गुणवत्ता से समझौता और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। जनता की सुरक्षा और सरकारी धन का सदुपयोग सुनिश्चित करना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774545 Articles

Share this story