एनएच-31 सड़क हादसे के पीड़ितों से मिले विधायक खेमका
पूर्णिया, 13 अप्रैल (हि.स.)।
कटिहार: कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। इसी कड़ी में विधायक विजय खेमका ने ईस्ट ब्लॉक के सुहवा और मझुआ गांव पहुंचकर मृतकों एवं घायलों के परिजनों से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की।
विधायक ने बताया कि घटना के दिन ही उन्होंने पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर जिला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराई थी, ताकि सभी को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
आज जिला प्रशासन की उपस्थिति में विधायक श्री खेमका ने मृतक परिवारों को ₹2-2 लाख की सरकारी सहायता राशि का चेक प्रदान किया। वहीं, दुर्घटना में घायल 15 लोगों को पूर्णिया जीएमसीएच में अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी की मौजूदगी में ₹50-50 हजार की सहायता राशि सौंपी गई।
इसके अलावा, गांव में तत्काल राहत के तौर पर मृतक परिवारों के लिए खाद्यान्न की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई गई।
विधायक ने आश्वासन दिया कि मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की अतिरिक्त सहायता राशि भी दिलाई जाएगी।
विधायक विजय खेमका ने इस घटना को अत्यंत दुखद और हृदय विदारक बताते हुए कहा कि इस कठिन समय में सरकार और समाज दोनों पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।
इस दौरान बीडीओ, बीपीआरओ, पुलिस इंचार्ज सहित गौरा पंचायत के मुखिया दिलीप चौहान, वार्ड सदस्य फागो ऋषिदेव, भाजपा अध्यक्ष मनोज गोस्वामी, अजय सिंह एवं अन्य स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

