प्रशासनिक अनदेखी पर युवाओं ने उठाया बीड़ा: चंदा जुटाकर एनएच-31 पर भरा जानलेवा गड्ढा
कटिहार, 04 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-31) पर विभागीय उदासीनता के कारण जानलेवा बने गड्ढे को भरने के लिए स्थानीय युवाओं ने खुद कमान संभाल ली। कुरसेला मॉडल थाना के समीप एनएच-31 पर बने एक बड़े गड्ढे के कारण दो दिन पूर्व बाइक दुर्घटना में एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने के बाद रविवार को युवाओं ने अनोखी मिसाल पेश की। घायल युवक के परिजनों और मित्रों ने आपस में चंदा जुटाकर सीमेंट, बालू और गिट्टी का इंतजाम किया और श्रमदान करते हुए गड्ढे को भरकर आवागमन सुचारू कराया।
हादसे में घायल युवक का पूर्णिया में चल रहा इलाज
स्थानीय लोगों के अनुसार, मॉडल थाना के पास एनएच-31 पर पिछले करीब एक महीने से यह बड़ा गड्ढा बना हुआ था। दो दिन पूर्व कुरसेला बस्ती निवासी एक युवक की बाइक इसी गड्ढे में असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में युवक बुरी तरह जख्मी हो गया, जिसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसका इलाज पूर्णिया के एक अस्पताल में कराया जा रहा है। इस घटना के बाद स्थानीय युवाओं में विभाग की कार्यशैली को लेकर गहरा रोष व्याप्त था।
कुरसेला-गेड़ाबाड़ी मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे, विभाग बेपरवाह
श्रमदान करने वाले स्थानीय युवा संजय, मुकेश और मोहम्मद तनवीर ने बताया कि कुरसेला से गेड़ाबाड़ी के बीच एनएच-31 कई स्थानों पर जर्जर हो चुका है। आए दिन दोपहिया वाहन चालक और राहगीर इन गड्ढों की वजह से दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। बार-बार हादसों के बावजूद संबंधित निर्माण विभाग द्वारा इसकी मरम्मत की कोई सुध नहीं ली जा रही थी। युवाओं ने कहा कि आगे कोई अन्य राहगीर दुर्घटना का शिकार न बने, इसलिए उन्होंने मजबूरी में स्वयं सड़क की मरम्मत करने का निर्णय लिया।
मरम्मत कार्य में इन युवाओं ने दिया सहयोग
युवाओं ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि कुरसेला से गेड़ाबाड़ी तक एनएच-31 के सभी क्षतिग्रस्त हिस्सों की शीघ्र पक्की मरम्मत कराई जाए। इस श्रमदान अभियान में संजय कुमार, प्रमोद कुमार, बंटी कुमार, मुकेश कुमार, भारत यादव, रामचंद्र यादव और गोलू शर्मा सहित अन्य स्थानीय युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

