एनएच-106 पर गिरा विशाल पेड़, घंटों बाधित रहा यातायात

WhatsApp Channel Join Now
एनएच-106 पर गिरा विशाल पेड़, घंटों बाधित रहा यातायात


सुपौल, 23 सितंबर (हि.स.)। जिले के बसंतपुर प्रखंड के भगवानपुर पंचायत में बुधवार को एक विशाल पेड़ अचानक एनएच-106 पर गिर गया। घटना मध्य विद्यालय भगवानपुर के समीप हुई। पेड़ गिरने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

ग्रामीणों ने रतनपुर थाना पुलिस और वन विभाग को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों के अनुसार पेड़ काफी पुराना और विशाल था। इसकी मोटाई करीब चार फीट और लंबाई लगभग 60 फीट बताई गई। पेड़ के सड़क पर गिरने से एनएच-106 पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को हटाने का काम शुरू किया।

स्थानीय लोगों ने भी टीम का सहयोग किया। पेड़ को काटकर सड़क से हटाया गया, जिसके बाद एनएच-106 पर वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू हो सकी। फॉरेस्टर रवि रंजन ने बताया कि वन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ को हटाकर सड़क को चालू कराया। उन्होंने बताया कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story