जन्मदिन पर दिखाई संवेदना: मुख्य पार्षद ने चार टीबी मरीजों को लिया गोद, बांटा पोषण किट

WhatsApp Channel Join Now
जन्मदिन पर दिखाई संवेदना: मुख्य पार्षद ने चार टीबी मरीजों को लिया गोद, बांटा पोषण किट


बक्सर , 05 अगस्त (हि.स.)। जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित न रखकर समाजसेवा का माध्यम बनाने की मिसाल इटाढ़ी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद संजय पाठक ने पेश की। उन्होंने अपने जन्मदिन के अवसर पर चार टीबी (क्षय रोग) मरीजों को गोद लिया और उन्हें एक माह के लिए पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई।

इस अवसर पर मुख्य पार्षद संजय पाठक ने कहा कि टीबी जैसी बीमारी से जंग जीतने में दवाओं के साथ पौष्टिक आहार की भी अहम भूमिका होती है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से अपील की कि वे अपने विशेष अवसरों को जरूरतमंदों की मदद से जोड़ें, ताकि टीबी मुक्त भारत अभियान को मजबूती मिल सके।

कार्यक्रम में इटाढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रीनिवास उपाध्याय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और समाज के सहयोग से टीबी उन्मूलन अभियान को नई गति मिलेगी। उन्होंने लोगों से टीबी के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने, नियमित दवा लेने और उपचार बीच में नहीं छोड़ने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान चारों मरीजों को पोषण किट वितरित की गई। मुख्य पार्षद की इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। जन्मदिन पर समाजसेवा का यह संदेश लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story