आरपीएफ का बड़ा अभियान: कटिहार समेत तीन स्टेशनों से 8 नाबालिग बच्चे रेस्क्यू, 54 लाख का गांजा व शराब जब्त
कटिहार, 21 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्रियों की सुरक्षा और तस्करी पर नकेल कसने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। 16 से 18 नवंबर के बीच आरपीएफ टीमों ने कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी और गुवाहाटी रेलवे स्टेशनों से कुल आठ नाबालिग बच्चों (सात लड़कियां और एक लड़का) को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके साथ ही कटिहार सहित जोन के विभिन्न स्टेशनों पर छापेमारी कर लगभग 54 लाख रुपये मूल्य का गांजा और अवैध शराब बरामद करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि कटिहार आरपीएफ ने 16 और 17 नवंबर को अलग-अलग अभियानों में कटिहार रेलवे स्टेशन से तीन नाबालिग लड़कियों और एक नाबालिग लड़के को रेस्क्यू कर सुरक्षित देखभाल के लिए कटिहार चाइल्डलाइन को सौंप दिया। वहीं, 17 नवंबर को गुवाहाटी स्टेशन से तीन नाबालिग लड़कियों को बचाकर गुवाहाटी चाइल्डलाइन तथा 18 नवंबर को न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से एक नाबालिग लड़की को रेस्क्यू कर जलपाईगुड़ी बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किया गया।
दूसरी ओर, प्रतिबंधित सामग्रियों की तस्करी रोकने के लिए आरपीएफ ने कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी, अगरतला, लामडिंग, डिमापुर और कामाख्या रेलवे स्टेशनों पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान दो लोगों को हिरासत में लेते हुए 108.9 किलोग्राम गांजा और शराब की 423 बोतलें (यूनिट) जब्त की गईं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये आंकी गई है। सीपीआरओ ने कहा कि रेल परिसर को सुरक्षित रखने और मानव व मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए आरपीएफ का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

