कटिहार-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस में 31 जनवरी तक जुड़ा रहेगा अतिरिक्त थर्ड एसी कोच

WhatsApp Channel Join Now


कटिहार, 26 नवंबर (हि.स.)। रेल यात्रियों की बढ़ती भीड़ और वेटिंग टिकट की समस्या से निजात दिलाने के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने कटिहार और पटना के बीच चलने वाली प्रमुख ट्रेन संख्या 15713/15714 इंटरसिटी एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच लगाने की अवधि को विस्तार दिया है। एनएफ रेलवे के प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक के अनुसार, अब इस ट्रेन में 01 दिसंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जुड़ा रहेगा। रेलवे के इस निर्णय से सर्दियों और नववर्ष के दौरान सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

अतिरिक्त कोच जुड़ने से इंटरसिटी एक्सप्रेस में कुल कोचों की संख्या 21 से बढ़कर 22 हो जाएगी। संशोधित कोच संरचना के तहत अब इस ट्रेन में एक थर्ड एसी, दो एसी चेयर कार, 11 द्वितीय श्रेणी चेयर कार, छह सामान्य श्रेणी तथा दो जनरेटर कार एवं एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे। रेलवे के इस कदम से कटिहार, नवगछिया, खगड़िया, बेगूसराय और पटना के बीच नियमित आवागमन करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त बर्थ की सुविधा मिलेगी और कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना भी बढ़ेगी। इस फैसले से यात्रियों में खुशी की लहर है और उन्होंने डीआरएम सहित पूरे रेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story