एनएफ रेलवे के सहायक महाप्रबंधक ने किया कटिहार-रौतारा रेल खंड का निरीक्षण
कटिहार, 13 मई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) जोन, मालीगांव के सहायक महाप्रबंधक वीर भद्र विश्वकर्मा के नेतृत्व में बुधवार को कटिहार मंडल अंतर्गत कटिहार–रौतारा सेक्शन का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान रेलवे संरचना, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं एवं चल रहे विकास कार्यों का गहन आकलन किया गया।
बूट लॉन्ड्री में सुरक्षा पर बल
निरीक्षण के क्रम में रौतारा स्थित बूट लॉन्ड्री का विशेष रूप से जायजा लिया गया। सहायक महाप्रबंधक वीर भद्र विश्वकर्मा ने मशीनों के संचालन एवं कार्य निष्पादन में सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य संस्कृति अपनाने तथा मानक संचालन प्रक्रिया का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
रौतारा स्टेशन का सघन निरीक्षण
इसके अतिरिक्त रौतारा स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन परिसर, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास कार्यों एवं यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी विस्तारपूर्वक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर की स्वच्छता, प्रतीक्षालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय एवं दिव्यांगजन सुविधाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। भविष्य में किए जाने वाले विकास कार्यों की योजना पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान कटिहार मंडल के मंडल रेल प्रबंधक किरेंद्र नरह, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल अभियंता/निर्माण, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता अमित कुमार सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
हरित रेलवे अभियान के तहत वृक्षारोपण
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित रेलवे अभियान के तहत रौतारा स्टेशन परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। एजीएम वीर भद्र विश्वकर्मा एवं अन्य अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और रेलवे परिसरों को हरा-भरा बनाने का आह्वान किया।
सहायक महाप्रबंधक ने निरीक्षण के उपरांत कहा कि यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाना और संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना रेलवे का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को टीम भावना से कार्य करने का निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

