एनएफ रेलवे ने 2025-26 में सीमेंट परिवहन में बनाया रिकॉर्ड, लोडिंग में 152.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी

WhatsApp Channel Join Now
एनएफ रेलवे ने 2025-26 में सीमेंट परिवहन में बनाया रिकॉर्ड, लोडिंग में 152.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी


कटिहार, 18 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने वित्त वर्ष 2025-26 में सीमेंट परिवहन के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। रेलवे ने सीमेंट की आवक और टर्मिनलों पर लोडिंग-अनलोडिंग दोनों में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

एनएफ रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि सीमेंट परिवहन की आवक 2024-25 के 9.05 मिलियन टन से बढ़कर 2025-26 में 9.76 मिलियन टन हो गई, जो 7.8 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं लोडिंग के क्षेत्र में 152.7 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह उपलब्धि पूर्वोत्तर में माल परिवहन की दक्षता बढ़ाने और बुनियादी ढांचे के विकास में रेलवे के प्रयासों को दिखाती है।

सबसे बड़ी उपलब्धि 14 सितंबर 2025 को रही, जब सायरंग रेलवे स्टेशन पर पहली बार सीमेंट रैक की सफल अनलोडिंग हुई। गुवाहाटी के पास स्टार सीमेंट साइडिंग से लोड यह रैक नव-निर्मित बइरबी-सायरंग रेल मार्ग पर चलने वाली पहली मालगाड़ी थी, जिससे क्षेत्रीय संपर्क को बड़ा बढ़ावा मिला।

इसके बाद 24 सितंबर 2025 को नागालैंड के मॉलवॉम रेलवे स्टेशन पर भी पहली बार सीमेंट रैक पहुंची। इस रैक में तेलंगाना की मेसर्स माई होम इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा लोड किए गए सीमेंट के 41 वैगन थे।

सीपीआरओ ने बताया कि 11 मार्च 2025 को तेतेलिया स्थित व्यस्त स्टार सीमेंट साइडिंग पर पहली बार इलेक्ट्रिक इंजन वाली मालगाड़ी लाई गई। इस साइडिंग ने फरवरी 2025 में 50 रैकों की हैडलिंग का रिकॉर्ड बनाया।

कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि 24 मार्च 2025 को सीमेंट लदी पहली मालगाड़ी अगरतला के पास निश्चिंतपुर टर्मिनल पर सफलतापूर्वक पहुंची। तेतेलिया स्टार सीमेंट साइडिंग से आई यह खेप अगरतला-अखौरा नई रेल लिंक परियोजना के तहत ऐतिहासिक क्षण रही, जिससे त्रिपुरा और पूरे पूर्वोत्तर में माल परिवहन की संपर्क व्यवस्था और मजबूत हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story