नवनियुक्त जदयू पदाधिकारियों को मिला मनोनयन पत्र
भागलपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) महानगर जिला कार्यालय नयाबाजार में गुरुवार को आयोजित एक समारोह में संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र प्रदान किया गया। समारोह में मो शमीम रिजवी को प्रधान महासचिव, कुंजबिहारी तिवारी उर्फ संजू तिवारी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, चंदन सहाय एवं निर्मल पासवान को महासचिव, मो हुमायूँ को उपाध्यक्ष तथा राहुल सिंह को प्रवक्ता का मनोनयन पत्र सौंपा गया। इस अवसर पर महानगर जिलाध्यक्ष संजय साह ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला पहनाकर अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में महानगर जिलाध्यक्ष संजय साह ने कहा कि संगठन की मजबूती समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर ही संभव है। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी पाने वाले सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं सक्रियता के साथ पार्टी की नीतियों और माननीय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को नई गति देगी। वरिष्ठ जदयू नेता राकेश कुमार ओझा ने कहा कि संगठन में जिम्मेदारी मिलना सम्मान के साथ-साथ उत्तरदायित्व भी है। पार्टी नेतृत्व ने जिन साथियों पर विश्वास व्यक्त किया है, वे निश्चित रूप से संगठन की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।
उन्होंने कहा कि महानगर जदयू का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की मजबूती एवं जनता की सेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा तथा आने वाले दिनों में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में सभी मिलकर कार्य करेंगे। कार्यक्रम में महानगर युवा जदयू अध्यक्ष दीपक चौहान, व्यावसायिक प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष उमा मोदी सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

