रिश्वत कांड में नया मोड़: शिकायतकर्ता बीआरपी पर 1.24 लाख का जुर्माना लगाकर किया गया कार्यमुक्त

WhatsApp Channel Join Now
रिश्वत कांड में नया मोड़: शिकायतकर्ता बीआरपी पर 1.24 लाख का जुर्माना लगाकर किया गया कार्यमुक्त


भागलपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। जिला शिक्षा कार्यालय की मध्याह्न भोजन योजना शाखा के जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनोज कुमार सिंह को 1.10 लाख रुपये रिश्वत लेते निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा रंगेहाथ गिरफ्तार किए जाने के मामले में नया मोड़ आ गया है। शिक्षा विभाग ने इस पूरे प्रकरण में निगरानी से शिकायत करने वाले प्रखंड साधनसेवी रजनीश कुमार दास पर ही कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया है। विभागीय कार्यालय आदेश के अनुसार, रजनीश कुमार दास पर 1 लाख 24 हजार 931 रुपये का आर्थिक दंड अधिरोपित किया गया है। आदेश में निर्देश दिया गया है कि बीआरपी के बकाया मानदेय और अन्य मदों की राशि का हिसाब कर दंड की पूरी रकम वसूली जाए। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, बीआरपी पर पूर्व से ही वित्तीय अनियमितता और सरकारी राशि की निकासी से जुड़े आरोपों में कार्रवाई चल रही थी, जिसे लेकर 4 नवंबर को जारी आदेश में संशोधन करते हुए अब उन्हें पदमुक्त किया गया है।

गौरतलब है कि शनिवार को पटना से आई निगरानी की पांच सदस्यीय टीम ने कचहरी परिसर स्थित शिक्षा कार्यालय में छापेमारी कर डीपीएम मनोज कुमार सिंह को उनके केबिन से 1.10 लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया था। शिकायतकर्ता बीआरपी रजनीश दास के अनुसार, डीपीएम उन्हें नौकरी से हटाने की धमकी देकर विभागीय कार्रवाई से बचाने के एवज में डेढ़ लाख रुपये घूस मांग रहे थे।

बीआरपी का दावा है कि वह पहले ही डीपीएम के खाते में ऑनलाइन माध्यम से 40 हजार रुपये ट्रांसफर कर चुके थे और शेष 1.10 लाख रुपये नकद देने के दौरान निगरानी टीम ने डीपीएम को दबोच लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781322 Articles

Share this story