नई राजधानी एक्सप्रेस को फारबिसगंज होकर चलाने की मांग पकड़ने लगी है जोर

WhatsApp Channel Join Now
नई राजधानी एक्सप्रेस को फारबिसगंज होकर चलाने की मांग पकड़ने लगी है जोर


अररिया 08 सितम्बर(हि.स.)। रेलवे बोर्ड द्वारा पूर्वोत्तर से पूर्वांचल के रास्ते दिल्ली के लिए राजधानी एक्सप्रेस की तर्ज पर मिजोरम के सायरंग से एक नई ट्रेन चलाई जाने की महत्वकांक्षी योजना का मसौदा तैयार किया जा रहा है जिसमे इसके परिचालन दिवस,पात्र मार्ग, ठहराव को लेकर कवायद जारी है।

अररिया सांसद के रेल प्रतिनिधि एवं डीआरयूसीसी सदस्य विनोद सरावगी ने इस संदर्भ में सांसद से पहल करने की मांग की है कि इस ट्रेन को अररिया-फारबिसगंज होते हुए में एक नए रूट से चलाया जाए।

उल्लेखनीय हो कि सीमांचल क्षेत्र की यह एक बहु प्रतिक्षित मांग रही है। इस ट्रेन को भाया कामाख्या,ग्वालपाड़ा, अलीपुरद्वार, सिलीगुड़ी, ठाकुरगंज, अररिया, फारबिसगंज, झंझारपुर, दरभंगा,गोरखपुर होते हुए चलाए जाने की मांग की गई है।कारण वर्तमान में इस रूट पर कोई भी राजधानी एक्सप्रेस नहीं चल रही है ।

इस संदर्भ में डीआरयूसीसी सदस्य बछराज राखेचा का भी कहना है कि अभी पूर्वोत्तर से चलने वाली चार राजधानी एक्सप्रेस में दो भाया न्यू जलपाईगुड़ी कटिहार चल रही है,जबकि दो अन्य साप्ताहिक राजधानी एक्सप्रेस मालदा- भागलपुर के रास्ते जा रही है।ऐसे में यदि इस प्रस्तावित ट्रेन को को नए रूट डुआर्स क्षेत्र, सीमांचल, कोसी अंचल,मिथिलांचल, पूर्वांचल होकर चलाया जाता है तो यह इस क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए एक बहुत बड़ी सौगात होगी ।अभी गोरखपुर होकर कोई भी राजधानी एक्सप्रेस नहीं गुजरती है।

वहीं बिहार रेल यूजर्स एशोसियेशन के क्षेत्रीय सचिव चंदन भगत ने कहा कि यदि यह प्रस्तावित ट्रेन राजधानी एक्सप्रेस के रूप में नहीं चल पाए तो इसे वंदे भारत स्लीपर के रूप में चलाई जाने की रेलवे बोर्ड विचार करे। सामाजिक कार्यकर्ता अजातशत्रु अग्रवाल ने इस महत्वपूर्ण ट्रेन के इस क्षेत्र से परिचालन किए जाने को लेकर अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह के साथ कोसी अंचल एवं सीमांचल मिथिलांचल के सभी सांसदो से संयुक्त रूप से प्रयास करने का अनुरोध किया है।

फारबिसगंज चैंबर चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के सचिव राकेश रोशन का मानना है कि इस ट्रेन के परिचालित हो जाने से न सिर्फ आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी, बल्कि इस पिछड़े उपेक्षित क्षेत्र में विकास के नए मार्ग भी प्रशस्त होंगे।

आम जनमानस में भी राजधानी एक्सप्रेस के परिचालन की खबर से हर्ष व्याप्त है कि अब भविष्य में उन्हें भी राजधानी जैसी प्रीमियम ट्रेन से यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story