जुलाई से शुरू होगी नये डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई : डीएम

WhatsApp Channel Join Now
जुलाई से शुरू होगी नये डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई : डीएम


दरभंगा, 04 जून (हि.स.)।

जिले के विभिन्न प्रखंडों में स्थापित नये डिग्री कॉलेजों में आगामी 1 जुलाई से नियमित पठन-पाठन प्रारंभ होगा। इसकी तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कुशेश्वरस्थान, कुशेश्वरस्थान पूर्वी, किरतपुर, तारडीह, हनुमाननगर, सिंहवाड़ा, गौड़ाबौराम एवं अलीनगर प्रखंड के डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने सभी महाविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारु संचालन हेतु आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान कॉलेजों में उपलब्ध शैक्षणिक सामग्री, फर्नीचर एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उप विकास आयुक्त को शीघ्र निविदा प्रक्रिया प्रारंभ कर खरीद कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।

बैठक में स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन विभाग द्वारा संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान चहारदीवारी निर्माण, रंग-रोगन, अतिरिक्त कक्षों के निर्माण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति पर विचार-विमर्श हुआ। जिलाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं को सभी स्वीकृत निर्माण एवं मरम्मत कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जुलाई माह से शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होना है, इसलिए विद्यार्थियों को बेहतर एवं अनुकूल शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में उप विकास आयुक्त स्वप्निल, जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन विभाग के अभियंता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story