बहियार में पड़ा मिला नवजात, दंपत्ति ने अपनाया

WhatsApp Channel Join Now
बहियार में पड़ा मिला नवजात, दंपत्ति ने अपनाया


भागलपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। जिले के बिहपुर प्रखंड में एक दंपत्ति ने लावारिस नवजात को अपनाकर मनवता की मशाल पेश की है, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना बिहपुर प्रखंड की बिहपुर दक्षिण पंचायत के सोनवर्षा गांव स्थित छर्रापाटी टोला के पीछे बहियार की है।

शुक्रवार सुबह करीब सात बजे एक महिला अपने बेटे के साथ घास काटने गई थी। इसी दौरान उसे किसी नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर महिला जब वहां पहुंची तो देखा घास के बीच एक नवजात शिशु पड़ा हुआ था। महिला ने बच्चे को सुरक्षित उठाया और अपने घर ले आई। इसके बाद आशा कार्यकर्ता की मदद से नवजात को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने नवजात की जांच की। जांच के बाद बच्चे की स्थिति सामान्य पाई गई।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि कुछ देर और हो जाती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। नवजात को अपने घर लाने वाले बिट्टू मंडल ने कहा कि जिसने भी इस मासूम को छोड़ा हो, लेकिन उनके लिए यह बच्चा ईश्वर का आशीर्वाद है। उन्होंने बताया कि अब यह बच्चा उनके परिवार का हिस्सा रहेगा। परिवार ने उसका नाम आर्यन रखने का फैसला किया। इसको लेकर मिठाइयां भी बांटी गईं। उधर जानकारी फैलते ही आसपास के गांवों से लोग बिट्टू मंडल के घर पहुंचने लगे।

ग्रामीणों ने कहा कि नवजात को इस तरह खेत में छोड़ देना बेहद अमानवीय है। हालांकि बिट्टू मंडल के परिवार ने जिस तरह उसे अपनाने का निर्णय लिया, उसने मानवता की एक नई मिसाल पेश की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story