सड़क किनारे मिला नवजात शिशु, ग्रामीणों की जुटी भीड़

WhatsApp Channel Join Now
सड़क किनारे मिला नवजात शिशु, ग्रामीणों की जुटी भीड़


भागलपुर, 05 जुलाई (हि.स.)।

जिले के सबौर थाना क्षेत्र के सरधो पंचायत के बड़ी सरधो नवटोलिया में रविवार को सड़क किनारे एक नवजात शिशु मिला।

शिशु को मुसहरी में लपेटकर फेंका गया था। कुत्तों के भौंकने और बच्चे के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना सबौर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सबौर थाना पुलिस और 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कुत्तों के लगातार भौंकने और नवजात के रोने की आवाज सुनी थी, जिसके बाद उन्होंने मौके पर जाकर देखा शिशु को मुसहरी में लपेटकर फेंका गया था।

शुरुआती पूछताछ में किसी अज्ञात महिला द्वारा शिशु को फेंके जाने की आशंका जताई गई है। इसी बीच, गांव के निवासी नीरज यादव ने नवजात शिशु को गोद लेने और उसका पालन-पोषण करने की इच्छा जताई।

पुलिस ने नीरज यादव का बयान दर्ज किया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शिशु को डॉक्टर से जांच करवाकर और साफ-सफाई के बाद उन्हें सौंप दिया। नीरज यादव ने शिशु को अपनाने की बात कही है।

पुलिस ने नीरज यादव को भविष्य में शिशु की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी है। फिलहाल, पुलिस नवजात शिशु को फेंकने वाली अज्ञात महिला की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story