अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी ट्रेन को देर रात सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने झंडी दिखाकर किया रवाना
अररिया, 16 मई(हि.स.)।
अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए रेलवे की ओर से चली नई अमृत भारत ट्रेन का फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने बीती मध्य रात्रि बाद करीबन साढ़े बारह बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता समेत रेलवे से जुड़े अधिकारी और रेलवे संगठन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
सांसद प्रदीप कुमार सिंह के साथ नरपतगंज विधायक देवयंती यादव भी मौजूद रही। अमृतसर से वाया फारबिसगंज होते हुए न्यू जलापीगुड़ी तक अमृत भारत ट्रेन के परिचालन को सीमांचल,कोसी एवं मिथिलांचल क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है। लंबी दूरी की इस ट्रेन की मांग लगातार इस क्षेत्र से उठ रही थी।इस नई रेल सेवा से व्यापार,शिक्षा,रोजगार एवं पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
अमृत भारत ट्रेन संख्या 14664 के रूप में गुरुवार को रात्रि 12:45 पर अमृतसर से रवाना होकर शनिवार को पहले सुबह 4:15 पर न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी फिर वापसी में ट्रेन संख्या 14663 प्रत्येक शनिवार को प्रातः 8:00 बजे न्यू जलपाईगुड़ी से खुलकर सिलीगुड़ी-ठाकुरगंज-अररिया होते हुए अपराह्न 12:28 पर फारबिसगंज पहुंचकर वहां से नरपतगंज-राघोपुर-सरायगढ़-रक्सौल-सीतामढ़ी- गोरखपुर - बरेली-मुरादाबाद-अंबाला कैंट लुधियाना-जालंधर के रास्ते सोमवार अहले सुबह 2:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी।
मौके पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के प्रति उस ट्रेन के सौगात के रूप में दिए जाने पर आभार प्रकट किया और कहा कि इस ट्रेन से न केवल आजीविका के लिए दूसरे राज्य जाने वाले श्रमिकों को फायदा होगा,बल्कि धार्मिक,शैक्षणिक और पर्यटन क्षेत्र के लिए भी यह ट्रेन कारगर साबित होगी।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की वादियों से लेकर सीतामढ़ी मां जानकी का भी यह ट्रेन दर्शन कराएगा और अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के दर्शन भी अब सुलभ होंगे।उन्होंने कहा कि आज का दिन अररिया और सीमांचल क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण दिन है।यह केवल एक ट्रेन की शुरुआत नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, कनेक्टिविटी और नए अवसरों की मजबूत नींव है। अब सीमांचल के लोगों के लिए पंजाब, उत्तर भारत और पूर्वोत्तर क्षेत्रों तक यात्रा और भी सुगम एवं तेज हो जाएगी। ट्रेन न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा, रोजगार और पर्यटन को भी नई दिशा देगी। सीमांचल अब तेजी से देश के विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा ह।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

