नदी के रास्ते तस्करी कर शराब ला रहे तस्कर को एसएसबी ने नेपाली शराब के साथ किया गिरफ्तार
अररिया 19 अगस्त(हि.स.)।नेपाल से बड़े पैमाने पर शराब की तस्करी होती है और तस्कर तस्करी के लिए नित्य नए उपाय ढूंढते हैं,लेकिन सरहद की सुरक्षा में लगे एसएसबी के जवान उन्हें दबोचने में भी पीछे नहीं रहते हैं।ऐसा एक मामला सामने आया सिकटी के सैदाबाद में जहां नूना नदी के बगल में मोटरसाइकिल लगाकर तस्कर नेपाल से लाए गए शराब को नदी पार कर ला रहे थे, जिसे एसएसबी 52 वीं वाहिनी की बाह्य सीमा चौकी सैदाबाद की विशेष गश्ती टीम ने धर दबोचा।
एसएसबी ने तस्कर के पास से 17.4 लीटर नेपाली शराब बरामद किया है, जबकि एसएसबी वालों ने तस्कर द्वारा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।गिरफ्तार आरोपित मो. शाहरुख है।एसएसबी ने बरामद नेपाली शराब, जब्त बाइक और गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सिकटी थाना पुलिस को सौंप दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

