4.53 लाख नेपाली करेंसी के साथ एसएसबी ने एक नेपाली नागरिक को किया गिरफ्तार
अररिया 12 जून(हि.स.)। एसएसबी 56वीं वाहिनी की आई समवाय जोगबनी की टीम ने शुक्रवार को एक नेपाली नागरिक को जोगबनी चाणक्य चौक के समीप 4 लाख 53 हजार 650 रूपये नेपाली करेंसी के साथ गिरफ्तार किया।
एसएसबी ने यह कार्रवाई चाणक्य चौक सीमा स्तंभ संख्या 179/02 के नजदीक भारत के तरफ लगभग पांच मीटर पर की।गिरफ्तार किया गया नेपाली नागरिक साइकिल से पैसे को भारत से नेपाल लेकर जा रहा था।
एसएसबी जवानों को शक होने पर जब उन्हें रोककर उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से नेपाली करेंसी बरामद हुआ। जिसके बाद हिरासत में लेकर नेपाली नागरिक से एसएसबी पूछताछ कर रही है।
पैसे को लेकर हिरासत में लिए गए नेपाली नागरिक ने स्पष्ट कुछ भी जानकारी नहीं दी, जिसको लेकर कयास लगाया जा रहा है कि जब्त किया गया पैसा हवाला कारोबार से जुड़ा हो सकता है।
गिरफ्तार नेपाली नागरिक 46 वर्षीय बासुदेव साह पिता सुखीलाल साह नेपाल के मोरंग जिला के बुढ़नाघाट वार्ड संख्या 9 का रहने वाला है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

