सीमा पार कोशी प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बराह क्षेत्र में कोशी के कटाव स्थल का लिया जायजा, सतर्क रहने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
सीमा पार कोशी प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बराह क्षेत्र में कोशी के कटाव स्थल का लिया जायजा, सतर्क रहने की अपील


अररिया 27 अगस्त(हि.स.)। नेपाल में बाढ़ की तबाही के बीच सीमा पार कोशी प्रदेश के मुख्यमंत्री हिकमत कुमार कार्की ने गुरुवार को कोशी नदी से हो रहे कटाव वाले इलाके का निरीक्षण किया।

उन्होंने बराह क्षेत्र नगरपालिका के वार्ड नंबर 9 और 6 में हो रहे कटाव और ज़मीन पर इसके असर का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कोशी प्रांत सरकार के मंत्री, प्रांतीय विधानसभा के सदस्य, स्थानीय प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान, मुख्यमंत्री कार्की ने तटबंध बनाने के लिए ज़रूरी फंड उपलब्ध कराने का वादा किया और जल्द ही कटाव स्थल पर कटाव निरोधी कार्य करवाने की बात कही।

उन्होंने कहा कि नेपाल के कई इलाकों में बाढ़ तबाही के बीच कोशी इलाके में फिलहाल नुकसान होने के आसार कम दिखाई दे रहा है।लेकिन जिस तरह से पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के साथ भूस्खलन और ग्लेशियर पिघलने की घटना घटित हो रही है,साथ ही नदी के जलस्तर में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है,इसको लेकर सतर्कता जरूरी है।

उल्लेखनीय हो कि हाल ही में नेपाल में कोशी नदी ने अपना बहाव उदयपुर इलाके की तरफ़ मोड़ लिया है, जिससे कोशी के उस पार बराह क्षेत्र नगरपालिका के वार्ड 9 और 6 के साथ उदयपुर की बेलका नगरपालिका भी प्रभावित हुई है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से रेत की बोरियों से अस्थायी तटबंध बनाने के लिए सेना और पुलिस का सहयोग और तालमेल सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री कार्की ने इलाके के लोगों से सुरक्षित और सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि हाल के दिनों में नदी के किनारे बसे इलाकों में खतरा बढ़ गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story