कर्तव्य में लापरवाही पर असांव थानाध्यक्ष निलंबित, नए थानाध्यक्ष की तैनाती
सीवान, 30 मार्च (हि.स.)।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) पुरन कुमार झा ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में असांव थानाध्यक्ष पु.अ.नि. रंजीत कुमार साह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है । साथ ही असांव थाना में नए थानाध्यक्ष की तैनाती कर दी गई है।
वर्तमान थानाध्यक्ष बड़हरिया पु.अ.नि. संतोष कुमार को असांव थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। एसपी ने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2 मैरवा द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई। मामला 27 मार्च 2026 को असांव थाना क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना से जुड़ा है। घटना के बाद 28 मार्च को पुलिस अधीक्षक एवं विधि-विज्ञान प्रयोगशाला टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया था।
जांच में पाया गया कि रात में पुनः अपराधियों द्वारा वादी के घर पर गोलीबारी की गई, लेकिन तत्कालीन थानाध्यक्ष द्वारा इस गंभीर घटना को प्राथमिकता नहीं दी गई। न ही वरीय अधिकारियों को समय पर सूचना दी गई और न ही इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई। साथ ही पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष रंजीत कुमार साह को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, सीवान निर्धारित किया गया है।
वहीं, असांव थाना में पद रिक्त होने के कारण विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं प्रशासनिक सुगमता के दृष्टिकोण से पु.अ.नि. संतोष कुमार , वर्तमान थानाध्यक्ष बड़हरिया, को असांव थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। एसपी ने उन्हें तत्काल नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

