नीट(यूजी) की पुनर्परीक्षा के लिए बनाए गए सात परीक्षा केन्द्र

WhatsApp Channel Join Now
नीट(यूजी) की पुनर्परीक्षा के लिए बनाए गए सात परीक्षा केन्द्र


नीट(यूजी) की पुनर्परीक्षा के लिए बनाए गए सात परीक्षा केन्द्र


अररिया 20 जून(हि.स.)।

21 जून को नीट (यूजी) की पुनर्परीक्षा को लेकर जिले में सात परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।परीक्षा को स्वच्छ, शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर डीएम विनोद दूहन एवं एसपी जितेन्द्र कुमार द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया।

परीक्षा के लिए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय,प्लस टू हाई स्कूल चांदनी चौक,प्लस टू लीडर हाई स्कूल, अररिया कॉलेज,प्लस टू आजाद एकेडमी तथा प्लस टू महात्मा गांधी स्मारक उच्च विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

परीक्षा को लेकर समाहरणालय स्थित परमान सभागार में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दल, पुलिस पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा परीक्षा से संबंधित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, अररिया के प्राचार्य श्री अमित कुमार सिंह को सिटी कोऑर्डिनेटर नामित किया गया है। उन्हें सभी केंद्राधीक्षकों को प्रशिक्षण देने तथा एनटीए के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा संचालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, टैबलेट, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, बेल्ट, अंगूठी, चेन, कान की बाली, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पेन, पेंसिल, इरेजर, रबर, शार्पनर, व्हाइटनर, स्केल अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी कमरों में समय की समानता सुनिश्चित करने हेतु दीवार घड़ी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी एवं जैमर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story