नीट पुनर्परीक्षा की तैयारी पूरी, डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
सुपौल, 18 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा कार्य से जुड़े सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को संयुक्त आदेश और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के विभिन्न बिंदुओं से अवगत कराया गया। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को परीक्षा संचालन में पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और जवाबदेही बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या कदाचार को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सघन जांच (फ्रिस्किंग), प्रश्न-पत्रों के सुरक्षित परिवहन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशीलता और सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।
बैठक में बताया गया कि जिले के सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस बल और आवश्यक कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रश्न-पत्रों की प्राप्ति, सुरक्षित भंडारण, वितरण तथा परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन की प्रक्रिया एनटीए के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से परीक्षा संबंधी सभी नियमों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। प्रशासन ने निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

