महिलाओं के प्रति नजरिया बदलने की जरूरत: डीएम

WhatsApp Channel Join Now


महिलाओं के प्रति नजरिया बदलने की जरूरत: डीएम


खगड़िया, 14 मार्च (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रमों के समापन के अवसर पर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित विशेष कार्यक्रम में जिलाधिकारी द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने एवं वाले कर्मियों, मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शक्ति रथ को जागरूकता हेतु रवाना किया गया। सभी लोगों ने शपथ ग्रहण किया और हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया। महिलाओं के लिए सेनिटरी पैड वेंडिंग मशीन का भी उद्घाटन किया गया।

उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह तक चले जन जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित साप्ताहिक कार्यक्रमों को कैलेंडर के हिसाब से संचालित किया गया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार द्वारा बालिकाओं एवं महिलाओं हेतु क्रियान्वित लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पूरे सप्ताह भर आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रम के माध्यम से दी गई। प्रभात फेरी कार्यक्रम, रंगोली प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता, वाद विवाद प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता इत्यादि सभी आंगनवाड़ी केंद्रों, जीविका समूहों एवं विद्यालयों में आयोजित किये गये।

मंगलवार को कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7:30 समाहरणालय परिसर से प्रभात फेरी निकालकर की गई। आईसीडीएस विभाग की महिला कर्मियों, आशा- एएनएम एवं छात्राओं को हरी झंडी दिखाकर अपर समाहर्ता मोहम्मद राशिद आलम एवं उप विकास आयुक्त संतोष कुमार ने रवाना किया।

जिलाधिकारी डॉ आलोक रंजन घोष ने महिला दिवस के अवसर पर सभी उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों, विशेषकर महिलाओं को लैंगिक भेदभाव के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के लिए शपथ ग्रहण कराया। इस अवसर पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया और जिलाधिकारी सहित तमाम पदाधिकारियों ने अपने संदेश लिखे।

आईसीडीएस कार्यालय में सेनिटरी पैड वेंडिंग मशीन का भी उद्घाटन जिलाधिकारी एवं मुख्य पार्षद, खगड़िया नगर परिषद सुश्री अर्चना कुमारी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर मैट्रिक परीक्षा में सर्वोच्च 10 स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया एवं 3 सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले छात्राओं को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत 5-5 हजार रुपए प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान किया गया। इंटरमीडिएट में विभिन्न संकायों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली दस-दस छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया एवं 3-3 सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को योजना अंतर्गत 5-5 हजार रुपए राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर जिला स्तर की जूनियर बालिका हॉकी टीम को भी प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में सफल हो रही हैं। उन्हें आसमान तक ऊंची उड़ान भरनी है और अपने सपनों को साकार करना है। हर दिन महिलाओं का है, कोई विशेष दिन इसके लिए नहीं है। सभी महिलाएं सशक्त हैं और इसे वे आत्मसात कर लें। कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं है जिसमें महिलाएं बढ़ चढ़कर हिस्सा नहीं ले रही हैं। महिलाएं आज सेना में, पुलिस में, शोध के क्षेत्र में एवं सभी तरह के कार्यालयों में अपनी योग्यता एवं कर्मठता सिद्ध कर रही हैं। वे पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं। हमें जरूरत है महिलाओं के प्रति सोच एवं नजरिया बदलने की। उन्होंने अपील की कि बच्चे- बच्चियों के बीच कोई भेदभाव न करें और उन्हें अपनी प्रतिभा विकसित करने का उचित माहौल दें।

हिन्दुस्थान समाचार/ अजिताभ

Share this story