बिहपुर विधानसभा स्तरीय एनडीए कार्यशाला आयोजित
भागलपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बिहपुर स्थित एनडीए कार्यालय में शुक्रवार को बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन-2026 को लेकर बिहपुर विधानसभा स्तरीय एनडीए कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का उद्घाटन बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर के क्षेत्रीय विधायक इं. शैलेंद्र ने किया। इस दौरान उन्होंने एनडीए के सभी घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव में जुटने का संदेश दिया। अपने संबोधन में मंत्री इं. शैलेंद्र ने कहा कि जनता की अपेक्षाएं हमसे हैं। जब अपेक्षाएं हमसे हैं, तो लाजिमी है कि शिकायतें भी हमसे ही होंगी।
एनडीए नेतृत्व इस बात को सकारात्मक रूप से लेते हुए सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूलमंत्र के साथ काम करता है।
उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास पर खरा उतरना एनडीए की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय एवं एकजुटता के साथ काम करना होगा।
मंत्री ने आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले कोसी स्नातक एमएलसी चुनाव में एनडीए प्रत्याशी एनके यादव की निश्चित जीत का दावा किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव को लेकर पूरी सक्रियता के साथ जुटने और एनडीए की नीतियों एवं उपलब्धियों को मतदाताओं तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यशाला की अध्यक्षता जदयू के राज्य परिषद सदस्य बुलंजी चौधरी ने की, जबकि संचालन भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने किया।
इस मौके पर भाजपा नेता प्रो. भोला कुंवर, दिनेश यादव, डोमी मंडल,विजय सिंह, शशिभूषण यादव एवं गोपाल चौधरी तथा जदयू नेता मनोज कुमार लाल, प्रखंड अध्यक्ष कुणाल कुमार उर्फ भानू और अनिल पटेल समेत एनडीए के विभिन्न घटक दलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यशाला में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी आगामी चुनाव में एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

