भागलपुर में एनडीए का शक्ति प्रदर्शन, संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी घटक दलों ने डॉ. एनके यादव की जीत का भरा दम

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर में एनडीए का शक्ति प्रदर्शन, संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी घटक दलों ने डॉ. एनके यादव की जीत का भरा दम


भागलपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। शनिवार को भागलपुर स्थित जनता दल (यूनाइटेड) के जिला कार्यालय में एनडीए के तमाम प्रमुख नेताओं ने एक हाई-प्रोफाइल संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन की अटूट एकजुटता का प्रदर्शन किया। यह प्रेस वार्ता जदयू के जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता के नेतृत्व एवं भाजपा नेता योगेंद्र पांडे के कुशल संचालन में आयोजित की गई, जिसमें गठबंधन के सभी पांचों घटक दलों के शीर्ष चेहरों ने एक सुर में एनडीए उम्मीदवार डॉ. एनके यादव को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने कहा कि एनडीए की एकजुटता ही इस गठबंधन की सबसे बड़ी शक्ति है। डॉ. एनके यादव एक अत्यंत योग्य और अनुभवी प्रत्याशी हैं और उनके पक्ष में सभी घटक दल आपसी मतभेद भुलाकर पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। भागलपुर के सांसद अजय मंडल ने साझा रणनीति पर जोर देते हुए कहा कि एनडीए के सभी घटक दलों के बीच बेहतरीन जमीनी समन्वय और अटूट आपसी विश्वास है, जो विपक्ष पर भारी पड़ेगा।

भाजपा विधायक रोहित पांडे ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एनडीए के नेता और कार्यकर्ता एक साझा लक्ष्य के साथ चुनावी अभियान को गति दे रहे हैं। विधायक मुरारी पासवान ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार के विकास, शिक्षा और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं।

जदयू नेता सुड्डू साईं ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में जो मजबूत आधार तैयार किया था, उसे अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कुशल नेतृत्व में और तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। पूर्व सांसद कहकशां परवीन और भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष शाह ने संयुक्त रूप से कहा कि एनडीए के पांचों घटक दल पूरी ताकत और एकजुटता के साथ डॉ. एनके यादव की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए हर बूथ पर सक्रिय हैं।

‘हम’ के जिलाध्यक्ष अशोक रजक और रालोमो जिलाध्यक्ष सुमन प्रसून ने भी गठबंधन की पूर्ण एकता को स्पष्ट करते हुए कहा कि सहयोगी दलों के बीच का यह तालमेल अद्वितीय है। लोजपा (आर) की प्रदेश प्रवक्ता अंशु प्रिया मिश्रा और जदयू नेत्री शबाना दाऊद ने कहा कि एनडीए की यही सामूहिक पहचान और एकजुटता उसे चुनाव में सबसे आगे रखती है।

इस अवसर पर मुख्य रूप से नीतेश सिंह, शाबान खान, प्रदीप कुशवाहा, देवव्रत घोष, दुर्गेश शाह, दिलीप निराला, राहुल सिंह और अभिनव कुमार सहित सैकड़ों एनडीए पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762736 Articles

Share this story