भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा- बिहार को समृद्ध बनाने के लिए एनडीए संकल्पित
पटना, 03 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), बिहार के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी रविवार को आरा के भाजपा जिला कार्यालय, में आयोजित जिला स्तरीय बैठक और जिला कोर कमिटी की बैठक में शामिल हुए। इन बैठकों में स्थानीय निकाय उपचुनाव के संदर्भ में व्यापक चर्चा हुई।
जिला स्तरीय बैठक का शुभारंभ अध्यक्ष संजय सरावगी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर उन्होंने आगामी निकाय उपचुनाव में एनडीए समर्थित प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद को विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमें न केवल आशा, बल्कि पूर्ण विश्वास है कि भोजपुर के सभी सम्मानित जनप्रतिनिधि एवं मतदाता इस बार भी एनडीए प्रत्याशी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में चल रही सुशासन, समृद्धि एवं विकास की यात्रा को और अधिक सशक्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास के रास्ते को आगे बढ़ाते हुए सीएम सम्राट चौधरी बिहार को समृद्धि की ओर ले जाने में जुटे हैं।
इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बामपाली (आरा) स्थित पार्टी कार्यालय में जिला कोर कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं आने वाले उपचुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन को और सशक्त बनाते हुए जनसेवा के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए हम सभी प्रतिबद्ध हैं।
उन्होने कहा कि बिहार ने विकास की राह पकड़ी है अब हमारी टीम इस गति को और तेज करेगी और इस बिहार को समृद्धि की ओर ले जाने के लिए हम सब प्रतिबद्ध हैं।
इस बैठक में जिला अध्यक्ष दुर्गा राज, पूर्व मंत्री सह विधायक संजय सिंह ‘टाइगर’ , विधायक राकेश ओझा, विधायक महेश पासवान, पूर्व मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व सांसद मीना सिंह, आरा नगर निगम की महापौर इंदु देवी, जिला प्रभारी राजेश सिन्हा, प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शंभू सहित अन्य लोगों की उपस्थिति रही।
संजय सरावगी के जिला कार्यालय, बामपाली, आरा पहुंचने पर बड़ी संख्या में उपस्थित समर्पित कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी और उत्साह के साथ स्वागत किया।
इससे पहले पटना से आरा जाने के क्रम में कोईलवर में विधान परिषद उपचुनाव 2026 के एनडीए प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद ने प्रदेश अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर सैकड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा के समर्थन में जमकर नारेबाजी की गई।
इस बीच, कन्हौली में भाजपा नेता सत्येंद्र कुमार, दारोगा वर्मा, संजीव वर्मा, मुकेश केशरी सहित सैकड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया।
कार्यकर्ताओं के गर्मजोशी से स्वागत और मिल रहे स्नेह से भावुक प्रदेश अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि आप सभी का स्नेह, विश्वास और उत्साहपूर्ण ऊर्जा हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। यह आत्मीय स्वागत न केवल प्रेरणा देता है, बल्कि जनसेवा के हमारे संकल्प को और अधिक दृढ़ करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

