नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ छपरा में एनसीओआरडी की हुई बैठक

WhatsApp Channel Join Now
नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ छपरा में एनसीओआरडी की हुई बैठक


नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ छपरा में एनसीओआरडी की हुई बैठक


सारण, 25 जून (हि.स.)। नशीले पदार्थों की तस्करी और इसके दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आज समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय एनसीओआरडी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने की।

बैठक के दौरान एसएसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सूचना संकलन पर विशेष बल देने और प्राप्त इनपुट्स पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ उनके क्षेत्रों में की गई कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा की तथा मानस पोर्टल पर मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर त्वरित प्रतिक्रिया देने की बात कही। अफीम और गांजा जैसी अवैध फसलों की खेती पर रोक लगाने के लिए जिला कृषि पदाधिकारी को निगरानी रखने का निर्देश दिया।

युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों और पंचायतों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त, उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे मांझी एवं रिविलगंज थानों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी रोकने के लिए उत्पाद विभाग, पुलिस और एनसीबी पटना के साथ अंतरराज्यीय समन्वय बैठक कर संयुक्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर समाहर्ता विधि-व्यवस्था, सिविल सर्जन, सहायक आयुक्त मद्य निषेध सहित जिले के अन्य अधिकारी व्यक्तिगत रूप से एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story