बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री और भंडारण पर प्रशासन सख्त, एसडीओ ने की छापेमारी

WhatsApp Channel Join Now
बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री और भंडारण पर प्रशासन सख्त, एसडीओ ने की छापेमारी


नवादा, 04 नवंबर (हि.स.)।नवादा में दीपावली एवं अन्य पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिले में अवैध रूप से पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर अमित अनुराग के नेतृत्व में विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पटाखों की बिक्री करने वाली दुकानों की जांच की गई तथा संचालकों से बिक्री एवं भंडारण से संबंधित वैध लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेजों की मांग की गई।

छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम ने दुकानदारों को पटाखों के सुरक्षित भंडारण और बिक्री से संबंधित निर्धारित नियमों का पालन करने का निर्देश दिया। एसडीओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिना वैध लाइसेंस के पटाखों की बिक्री करना अथवा उनका भंडारण करना कानूनन दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पटाखों के अवैध भंडारण से आग लगने और जान-माल के नुकसान की आशंका बनी रहती है। इसलिए आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि वे केवल लाइसेंसधारी दुकानों से ही पटाखों की खरीदारी करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story