नवाचार और उद्यमिता की सीख, विद्यार्थियों ने अभियंत्रण महाविद्यालय व कचरा प्रबंधन इकाई का किया भ्रमण
सुपौल, 28 नवंबर (हि.स.)। विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मक सोच और उद्यमिता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय की ओर से शनिवार को नवाचार संस्कृति एवं उद्यमिता विकास पहल के तहत क्षेत्रीय भ्रमण और विचार सृजन कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें पीएम श्री भागीरथ उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, मंत्रालय के नवाचार प्रकोष्ठ तथा अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के मार्गदर्शन में संचालित पहल की गतिविधि-2 के तहत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय के शैक्षणिक भ्रमण से हुई। यहां आयोजित विचार सृजन सत्र में शैक्षणिक अधिष्ठाता डॉ. चंदन कुमार ने विद्यार्थियों को विचार सृजन की प्रक्रिया सरल एवं संवादात्मक तरीके से समझाई। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने आसपास की समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान के लिए नए और उपयोगी विचार विकसित करने चाहिए। इसके बाद विद्यार्थियों ने महाविद्यालय की विभिन्न आधुनिक प्रयोगशालाओं का भ्रमण कर तकनीकी गतिविधियों एवं प्रयोगों की जानकारी प्राप्त की।
पीएम श्री भागीरथ उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद यूसुफ ने कहा कि ऐसे व्यावहारिक शैक्षणिक भ्रमण एवं कार्यशालाओं से बच्चों में नवाचार, तार्किक सोच और रचनात्मकता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अनुभव विद्यार्थियों को नए विचार विकसित करने और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में प्रेरित करेंगे। भ्रमण के दौरान विद्यालय के शिक्षक सह समन्वयक दीपक कुमार तथा शिक्षिकाएं चंद्रमणि और रंजना कुमारी विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहीं।
इसके बाद विद्यार्थियों ने किशनपुर स्थित प्लास्टिक कचरा प्रबंधन इकाई का भ्रमण किया। यहां प्रखंड समन्वयक रूबी कुमारी ने विद्यार्थियों को कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने सूखे एवं गीले कचरे के पृथक्करण, वैज्ञानिक प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण के माध्यम से अपशिष्ट पदार्थों से उपयोगी वस्तुएं तैयार करने की प्रक्रिया समझाई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अच्युतानंद मिश्र ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़ाकर व्यावहारिक एवं तकनीकी अनुभव प्रदान करना है। अभियंत्रण महाविद्यालय की प्रयोगशालाओं और प्लास्टिक कचरा प्रबंधन इकाई के भ्रमण से विद्यार्थियों में नवाचार, उद्यमिता एवं नई सोच विकसित होगी। इससे वे भविष्य में नए उद्यम शुरू करने तथा सामाजिक समस्याओं के समाधान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीक, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और उद्यमिता के बीच संबंधों को समझने का अवसर मिला।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

