कुदरत का कहर, बिजली ठप और कारोबार चौपट

WhatsApp Channel Join Now
कुदरत का कहर, बिजली ठप और कारोबार चौपट


भागलपुर, 28 मई (हि.स.)। जिले के जगदीशपुर प्रखंड क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है।

अचानक बदले मौसम ने लोगों को भारी परेशानी में डाल दिया है। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर विशालकाय पेड़ सड़क पर गिर पड़े, जिससे भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर घंटों तक आवागमन बाधित रहा। सड़क जाम होने से यात्रियों और वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई जगहों पर बिजली के तार टूट गए और बिजली के खंभे भी धराशायी हो गए। इसके कारण पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही है अंधेरे और उमस भरी गर्मी से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली नहीं रहने के कारण पेयजल और अन्य जरूरी कार्य भी प्रभावित हुए। इस प्राकृतिक आपदा में व्यापारियों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा।

अंजलि ऑटोमोटिव के मालिक ने बताया कि तेज तूफान में उनके गैरेज का शेड उड़ गया तथा मरम्मत के लिए आई कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। उन्होंने कहा कि इस घटना से उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने जिला प्रशासन से जल्द राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि इस आपदा की घड़ी में प्रशासन को सभी प्रभावित परिवारों और व्यापारियों के साथ खड़ा होना चाहिए। साथ ही सरकार से हुए नुकसान की उचित भरपाई करने की मांग भी की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story