पूर्णिया में 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत, 4 मई को निकलेगी जागरूकता मोबाइल वैन
पूर्णिया, 03 मई (हि.स.)।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार पूर्णिया द्वारा 09 मई 2026 को इस वर्ष का द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित किया जाएगा।
यह राष्ट्रीय लोक अदालत व्यवहार न्यायालय पूर्णिया के साथ-साथ अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय बनमनखी, धमदाहा एवं बायसी में भी आयोजित होगी, जहां विभिन्न प्रकार के मामलों का आपसी समझौते के आधार पर त्वरित निपटारा किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 04 मई 2026 को दोपहर 01:30 बजे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार पूर्णिया द्वारा जागरूकता मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इस अवसर पर वे उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों से रू-ब-रू होकर लोक अदालत की विशेषताओं और लाभों की विस्तृत जानकारी भी देंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आम जनता से अपील की है कि अधिक से अधिक लोग इस राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने मामलों का सुलह-समाधान के माध्यम से शीघ्र निपटारा कराएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

