धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय शिक्षा दिवस, याद किए गए मौलाना आजाद के योगदान
भागलपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। सामाजिक संस्था स्वाभिमान द्वारा प्रगति शिक्षण संस्थान, मंदरोजा में बुधवार को देश के प्रथम शिक्षा मंत्री और महान शिक्षाविद् मौलाना अबुल कलाम आजाद की 137वीं जयंती 'राष्ट्रीय शिक्षा दिवस' के रूप में धूमधाम से मनाई गई। समारोह की अध्यक्षता संस्था के संस्थापक जगतराम साह कर्णपुरी ने की, जबकि उद्घाटन मुख्य अतिथि रंजन कुमार राय और अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से मौलाना आजाद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
समारोह को संबोधित करते हुए रंजन कुमार राय ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद न सिर्फ एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे, बल्कि एक प्रखर लेखक, कवि और पत्रकार भी थे। देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में उनका अतुलनीय योगदान रहा। उन्होंने ही भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना की और विश्वविद्यालय शिक्षा आयोग के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मौलाना आजाद के विचारों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि शिखर पर पहुँचने के लिए मजबूती की जरूरत होती है। चाहे वह माउंट एवरेस्ट हो या आपके करियर का शीर्ष।
मुख्य अतिथि और प्रसिद्ध साहित्यकार राजकिशोर प्रसाद ने मौलाना आजाद को हर दृष्टिकोण से एक प्रगतिशील इंसान बताया। उन्होंने कहा कि मौलाना जी शिक्षा और संस्कृति को ही देश के विकास का असली आधार मानते थे। अपने अध्यक्षीय भाषण में जगतराम साह कर्णपुरी ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद ने देश में शिक्षा के दीप जलाए। उन्होंने भारत की प्रगति के लिए तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा दिया। उनका मानना था कि जब तक कला और साहित्य में अभिरुचि न हो, तब तक इंसान पूर्ण ज्ञान प्राप्त नहीं कर सकता।
इस जयंती समारोह को राजीव रंजन, विजय कुमार, मुदित कुमार झा ‘मुदित’ और अजय शंकर ने भी संबोधित किया और मौलाना आजाद के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

