280.35 स्मैक के साथ तीन गिरफ्तार,चार पहिया और दो पहिया वाहन जब्त
अररिया, 24 अप्रैल(हि.स.)। अररिया एसपी जितेन्द्र कुमार की ओर से मादक पदार्थों के खिलाफ समकालीन अभियान चलाया गया है,जिसके तहत अररिया आरएस पुलिस ने नशे के तीन सौदागरों को 280.35 ग्राम स्मैक,तीन मोबाइल,एक चार पहिया और एक दो पहिया वाहन के साथ गिरफ्तार किया।शुक्रवार शाम सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी।
सदर एसडीपीओ ने बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एनएच 327ई गिदरिया ओवरब्रिज के समीप पुलिस के द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।उसी क्रम में बाइक बीआर 38 आर/8697 तेजी से आया और पुलिस की चेकिंग अभियान देखकर बाइक को छोड़कर भागने का प्रयास किया,जिसे पुलिस अधिकारी और बलों के द्वारा खदेड़कर पकड़ा गया।इसी क्रम में लाल रंग की चार पहिया वाहन संख्या डब्लूबी 06 एम/9267 भी तेजी से क्रॉस करने की कोशिश की।पुलिस के रुकने के इशारे पर और तेजी से भागने का प्रयास किया।जिसे पकड़ा गया और तलाशी के क्रम में पकड़े गए तीनों नशे के सौदागर के पास से 280.35 ग्राम स्मैक के साथ तीन मोबाइल,एक कार और एक बाइक जब्त किया गया।
गिरफ्तार नशे के सौदागर में आरएस के रुपैली के रहने वाले मो.इश्तियाक उर्फ अर्श उर्फ मिंटू पिता सैयाद, रजोखर वार्ड संख्या 5 के समीर आलम पिता नूर आलम और मदनपुर पश्चिमी वार्ड संख्या 14 के आयुष कुणाल पिता चंदन मल्लिक है।
छापेमारी दल में आरएस थानाध्यक्ष अंकुर,एसआई त्रिपुरारी कुमार,अखिलेश कुमार,सुमित कुमार,सौदागर कुमार और थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

