नारायणी पथ बनेगा उत्तर बिहार के चौमुखी विकास का आधार स्तंभ: राजीव प्रताप रूडी

WhatsApp Channel Join Now
नारायणी पथ बनेगा उत्तर बिहार के चौमुखी विकास का आधार स्तंभ: राजीव प्रताप रूडी


सारण, 04 जून (हि.स.)। उत्तर बिहार के परिवहन नेटवर्क और बुनियादी ढांचे में एक बदलाव होने जा रहा है। सारण के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी के दीर्घकालिक प्रयासों के फलस्वरूप नारायणी पथ बाकरपुर-डुमरिया घाट फोरलेन सड़क परियोजना को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड ने इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के लिए तैयार 2901.45 करोड़ रुपए के भारी-भरकम प्राक्कलन को अपनी तकनीकी स्वीकृति दे दी है। तकनीकी अनुमोदन मिलने के बाद अब इस प्रस्ताव को अंतिम प्रशासनिक मंजूरी के लिए पथ निर्माण विभाग को अग्रसारित कर दिया गया है।

इस उपलब्धि पर सांसद कार्यालय द्वारा आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर सांसद राजीव प्रताप रूडी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नारायणी पथ महज एक सड़क नहीं, बल्कि संपूर्ण उत्तर बिहार के समग्र और चौमुखी विकास का सबसे मजबूत आधार स्तंभ साबित होगा। यह अत्याधुनिक फोरलेन कॉरिडोर सारण और गोपालगंज जिलों को बेहतरीन कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जिससे पूरे क्षेत्र में व्यापार, कृषि, पर्यटन और औद्योगिक निवेश की नई राहें खुलेंगी।

सांसद रूडी ने इस परियोजना पर त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार के प्रति विशेष आभार प्रकट किया। उन्होंने पूर्ण भरोसा जताया कि प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही इस परियोजना का जमीनी निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हरिहरनाथपुरम, सारण सैटेलाइट टाउनशिप, हरिहरनाथ कॉरिडोर, सोनपुर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, नए छह लेन पुल तथा गंगा-अम्बिका भवानी पथ जैसी महात्वाकांक्षी परियोजनाओं के साथ नारायणी पथ भी सारण क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story