नालसा की जागृति योजना: लगाया गया कानूनी शिविर, बाल विवाह के खिलाफ बच्चों ने ली शपथ

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। जिले के कहलगांव अनुमंडल विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में शुक्रवार को पीरपैंती के लक्ष्मी नारायण उच्च विद्यालय में राष्ट्रीय कानूनी सेवा प्राधिकरण की 'जागृति योजना' के तहत विशेष कानूनी जागरूकता शिविर लगाया गया। यह शिविर अवर न्यायाधीश सह अध्यक्ष अखिलेश कुमार और मुंसिफ सह सचिव विकास गौरव के दिशा-निर्देशन में आयोजित हुआ। शिविर में पैनल अधिवक्ताओं ने स्कूली छात्र-छात्राओं को बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 और उनके मौलिक अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है। यदि कहीं भी बाल विवाह की भनक लगे, तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 (टोल-फ्री) पर सूचना दें, जहां 24 घंटे आपातकालीन सहायता उपलब्ध रहती है। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षकों और प्राधिकार के मनीष पांडेय सहित बड़ी संख्या में बच्चों ने बाल विवाह मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story