आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवती की मौत

WhatsApp Channel Join Now
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवती की मौत


नालंदा, 04 अगस्त (हि.स.)। जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पेंदी गांव में मंगलवार की सुबह आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक 18 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका सरोवर राम की पुत्री सानवी कुमारी है।

घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है।घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि सानवी मंगलवार की सुबह खेत में धान रोपनी का काम कर रही थी। इसी बीच अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान खेत के समीप ही ठनका गिरा। ठनका की चपेट में आने से सानवी गंभीर रूप से झुलस गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के समय खेत में मौजूद अन्य मजदूरों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।ग्रामीणों ने बताया कि सानवी परिवार की मेहनती बेटी थी और खेती-बाड़ी में हाथ बंटाती थी। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन की चीत्कार गांव में गूंज रही है। घटनाक्रम की सूचना मिलने पर सरमेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाई है।थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story