नगर की समस्याओं और स्थापना के 25वें वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रम आयोजन को लेकर बैठक

WhatsApp Channel Join Now
नगर की समस्याओं और स्थापना के 25वें वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रम आयोजन को लेकर बैठक


अररिया 06 अक्टूबर(हि.स.)।

फारबिसगंज नगर में व्याप्त समस्याओं और उसके निराकरण के साथ नागरिक संघर्ष समिति की 25 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रम आयोजन को लेकर मंगलवार को समिति की बैठक फैंसी मार्केट स्थित एशियन गेस्ट हाउस में हुई। समिति के अध्यक्ष शाहजहां शाद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में फारबिसगंज नगर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण जनसमस्याओं एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान सदस्यों ने शहर की विभिन्न समस्याओं की ओर समिति का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अपने-अपने विचार और सुझाव रखे। समिति के सचिव रमेश सिंह एवं प्रवक्ता पवन मिश्रा ने भी कई अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि नगर क्षेत्र में जनहित से जुड़े कई कार्यों पर गंभीरता से पहल करने की आवश्यकता है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नागरिक संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही अनुमंडल पदाधिकारी और नगर परिषद के मुख्य पार्षद एवं कार्यपालक पदाधिकारी से मुलाकात करेगा। इस दौरान नगर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर चर्चा की जाएगी तथा उनके समाधान की मांग को लेकर मांग-पत्र भी सौंपा जाएगा।

बैठक में समिति की 25वीं वर्षगांठ को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। सदस्यों ने सर्वसम्मति से तय किया कि इस अवसर पर एक सेमिनार और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में शाहजहां शाद, रमेश सिंह, पवन मिश्रा, गुड्डू अली, डॉ. अभिषेक सिंह, सूरज कुमार, सोनू, राशिद, जुनैद, मास्टर विद्यानंद पासवान, ब्रजेश राय, मंटू मुखिया सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story