हड़ताल खत्म होने के बाद नगर परिषद प्रशासन और कर्मियों के बीच समझौता

WhatsApp Channel Join Now
हड़ताल खत्म होने के बाद नगर परिषद प्रशासन और कर्मियों के बीच समझौता


सीवान, 09 मई (हि.स.)। नगर परिषद, सीवान के कर्मियों की विभिन्न मांगों को लेकर 8 मई 2026 को हुई हड़ताल के बाद नगर परिषद प्रशासन और बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ (एक्टू) के बीच वार्ता हुई। वार्ता के बाद कई महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति बनी, जिसके बाद कर्मियों में संतोष देखा गया।

जारी समझौता पत्र के अनुसार बकाया ईपीएफ राशि के भुगतान को लेकर तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। इसके तहत करीब एक करोड़ रुपये की राशि भेजी जाएगी, जिसमें से 46 लाख 68 हजार 817 रुपये का भुगतान पहले ही किया जा चुका है।

वहीं बकाया ईएसआई राशि उपलब्ध कराने, मृत कर्मियों का ईएसआई कार्ड बनवाने तथा कार्य अवधि पूरी कर चुके कर्मियों को मृत्युपरांत लाभ देने पर भी सहमति बनी है। नगर परिषद प्रशासन ने इन मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का भरोसा दिया है।

स्वच्छता साथियों के बकाया वेतन भुगतान को आवंटन प्राप्त होने के बाद जारी करने की बात कही गई है। साथ ही स्थायी कर्मियों के बकाया छठा एवं सप्तम वेतनमान के अंतर वेतन का भुगतान तीन माह के भीतर करने पर सहमति बनी है।

समझौते में सभी कर्मियों को ड्रेस कोड उपलब्ध कराने तथा कोरोना काल में कार्य करने वाले संवेदकों के बकाया कमीशन भुगतान पर भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा सभी संविदा कर्मियों का सर्विस बुक खोलने की प्रक्रिया एक माह के भीतर पूरी करने का आश्वासन दिया गया है।

समझौता पत्र पर बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ (एक्टू) के राज्य सचिव अमित कुमार तथा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने हस्ताक्षर किए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story