नगर परिषद की बोर्ड बैठक में 2.95 अरब का बजट पेश

WhatsApp Channel Join Now
नगर परिषद की बोर्ड बैठक में 2.95 अरब का बजट पेश


बक्सर, 16 मार्च (हि.स.)। बक्सर नगर परिषद में सोमवार को बोर्ड की बैठक हुई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुमानित बजट पेश किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद कमरून निशा ने की। इस दौरान नगर परिषद के विकास कार्यों, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य आवश्यक योजनाओं के लिए वित्तीय प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। परिषद द्वारा पेश किए गए बजट के अनुसार वर्ष 2026-27 के लिए कुल अनुमानित बजट दो अरब 95 करोड़ दो लाख 56 हजार 591 रुपये रखा गया है, जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह बजट दो अरब 10 करोड़ 57 लाख 48 हजार 609 रुपये था।

प्रस्तुत बजट को दो भागों में विभाजित किया गया है। पहले भाग में अनुमानित प्रारंभिक शेष राशि 80 करोड़ 65 लाख 77 हजार 419 रुपये बताई गई है। वहीं आंतरिक राजस्व, केंद्र व राज्य सरकार से मिलने वाले अनुदान को मिलाकर कुल प्राप्ति लगभग दो अरब 89 करोड़ 30 लाख 25 हजार 915 रुपये रहने का अनुमान है। दूसरी ओर कुल व्यय दो अरब 95 करोड़ दो लाख 56 हजार 575 रुपये प्रस्तावित है।

बैठक में बताया गया कि स्थापना और अन्य राजस्व व्यय पर लगभग 79 करोड़ 86 लाख 86 हजार 16 रुपये खर्च होंगे, जबकि दो अरब 15 करोड़ 15 लाख 70 हजार 575 रुपये विभिन्न विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों पर खर्च किए जाएंगे। कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक ने बताया कि बजट चार्टर्ड अकाउंटेंट कंपनी से तैयार कराया गया है, जिसमें संशोधन के बाद अगली बैठक में इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा

Share this story